
फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का नया ट्रेलर रिलीज होने के बाद रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम के किरदार की जमकर तारीफ हो रही है। उनके लुक और अंदाज ने फैंस का ध्यान खींच लिया है।
हालांकि, ट्रेलर में एक ऐसा सीन भी नजर आया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर नई चर्चा शुरू हो गई है। दावा किया जा रहा है कि रणबीर कपूर फिल्म में सिर्फ भगवान श्रीराम ही नहीं, बल्कि भगवान विष्णु के एक अन्य अवतार भगवान परशुराम की भूमिका में भी दिखाई दे सकते हैं।
ट्रेलर में दिखा रणबीर का दूसरा अवतार ?
बता दे कि रामायण के करीब 4 मिनट 10 सेकेंड लंबे ट्रेलर में एक सीन ऐसा है, जहां श्रीराम और परशुराम जैसे दो अलग-अलग किरदार नजर आते हैं। फैंस का कहना है कि दोनों भूमिकाओं में रणबीर कपूर दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक रणबीर के डबल रोल को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन भगवान राम और भगवान परशुराम दोनों ही भगवान विष्णु के अवतार माने जाते हैं, इसलिए इस संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रणबीर के राम अवतार की हो रही तारीफ
फिल्म की शुरुआत से ही रणबीर कपूर के श्रीराम बनने को लेकर कई तरह की चर्चाएं थीं। लेकिन ट्रेलर सामने आने के बाद उनके लुक और किरदार को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया काफी सकारात्मक रही है।अब फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि अगर रणबीर फिल्म में भगवान परशुराम का किरदार भी निभाते हैं तो उनका अंदाज कैसा होगा।
दीवाली पर रिलीज होगी रामायण
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज करने की तैयारी है। निर्माता नमित मल्होत्रा की यह फिल्म का पहला भाग इसी साल दीवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। वहीं फिल्म का दूसरा भाग अगले साल दीवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा।









