उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का येलो अलर्ट, देहरादून-नैनीताल समेत 6 जिलों में तेज बौछारों की संभावना; मसूरी में मूसलधार बारिश

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का दौर भले ही थोड़ा धीमा पड़ा हो, लेकिन मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच रुक-रुककर तेज बौछारें पड़ती रहीं। राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और शाम को झमाझम बारिश हुई, जबकि मसूरी में मूसलधार वर्षा दर्ज की गई।

किन जिलों में है अलर्ट?

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। वहीं, पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज दौर की बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। कई इलाकों में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई, लेकिन रात के समय घने बादलों के बीच बारिश के आसार बने रहे।

Related Articles

Back to top button