UP विधानसभा मानसून सत्र कल से शुरू… अनुपूरक बजट समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा… पढ़े पूरी खब़र…

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र कल से शुरू हो रहा है। 4 अगस्त को अनुपूरक बजट पेश होगा। विपक्ष महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरेगा।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र कल यानी सोमवार से शुरू होने जा रहा है, जिसके काफी हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। सत्र के पहले दिन सदन में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद 4 अगस्त को सरकार की ओर से अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, जबकि 5 अगस्त को विधेयक प्रतिस्थापन और अन्य विधायी कार्य निपटाए जाएंगे। वहीं, 6 अगस्त को सदन में अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी और अनुदान मांगों पर विचार के बाद इसे पारित किया जाएगा।

सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। विपक्ष महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों को सदन में उठाकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है। दूसरी ओर, सरकार भी अपनी उपलब्धियों और प्रमुख विकास योजनाओं को सदन के पटल पर रखने के लिए तैयार है। लोकहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयक और प्रस्ताव भी इस सत्र में लाए जा सकते हैं।

विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा क्षेत्र और आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत बिना अनुमति के किसी भी तरह के प्रदर्शन या जुलूस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीतियां तैयार कर ली हैं।

Related Articles

Back to top button