
प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘अलायंस’ में हाल ही में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने धमाकेदार एंट्री की। ‘भाईजान’ इस शो में अपने भाई सोहेल खान को सपोर्ट करने के लिए पहुंचे थे। सोहेल की एक्स वाइफ सीमा सजदेह के शो से बाहर होने के बाद से वे काफी तनाव में थे और फिनाले वीक के लिए ‘अलायंस’ बनाने में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ रहा था, जिसके चलते उनका गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया था।
जेल के पुराने दिनों को किया याद
कंटेस्टेंट्स से बात करते हुए सलमान खान ने अपने जीवन के उस दौर को याद किया जब वे जेल में रहे थे। 60 वर्षीय अभिनेता ने बताया कि वह जगह बेहद छोटी थी, जिसके सामने सलाखें लगी होती थीं। उन्होंने साझा किया कि एक तंग जगह पर 50 से 70 लोगों को एक ही बाथरूम का इस्तेमाल करना पड़ता था। टॉयलेट इंडियन-स्टाइल का था, जिसमें कभी-कभी छिपकलियां भी आ जाती थीं और वह ऊपर तक भरा रहता था। सलमान के इस खुलासे ने शो में मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया।
क्यों गए थे सलमान जेल?
आपको बता दें कि सलमान खान को साल 1998 में काले हिरण और चिंकारा के शिकार के मामले में चार अलग-अलग मौकों पर जेल भेजा गया था। वे 1998 में 3 दिन, 2006 में 6 दिन, 2007 में 6 दिन और 2018 में 2 दिन तक हिरासत या जेल में रहे थे।
वहीं ‘अलायंस’ शो में सोहेल खान की बात करें तो सीमा सजदेह के जाने के बाद अन्य कंटेस्टेंट्स ने उनके साथ गठबंधन करने से हिचकिचाहट दिखाई, जिससे निराश होकर सोहेल ने अपना सामान समेट लिया और स्टोररूम की तरफ जाकर बाहर जाने का दरवाजा तक तोड़ दिया था। स्थिति को संभालने के लिए ही सलमान खान ने शो में एंट्री ली और अपने भाई का हौसला बढ़ाया।









