नेटफ्लिक्स पर छाया रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का जलवा, बना दिया तगड़ा रिकॉर्ड

रणवीर सिंह स्टारर और आदित्य धर के निर्देशन में बनी स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने थिएट्रिकल रन के बाद अब ओटीटी पर भी इतिहास रच दिया है। बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर सफलता हासिल करने के बाद इस फिल्म ने नेटफ्लिक्स पर एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। नेटफ्लिक्स के को-सीडीओ टेड सारंडोस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस फिल्म की सराहना करते हुए बड़ा खुलासा किया है कि ‘धुरंधर’ इस साल दुनिया भर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है।

नेटफ्लिक्स पर नंबर 1 और ग्लोबल सक्सेस
एक्सप्रेस अड्डा पर बात करते हुए टेड सारंडोस ने बताया कि ‘धुरंधर’ ने प्लेटफॉर्म पर बेहद शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म हर दूसरी इंग्लिश फिल्म से बड़ी साबित हुई और व्यूज के मामले में सिर्फ यूएस और यूके से पीछे रही। जनवरी से जून 2026 के बीच इस फिल्म को 37 मिलियन व्यूज मिले और यह 22 देशों में नेटफ्लिक्स की टॉप लिस्ट में नंबर वन पर रही। गौरतलब है कि ‘धुरंधर’ फ्रैंचाइजी ने अपनी दो फिल्मों के जरिए दुनिया भर में 3100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है, जिसमें इसका दूसरा पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ भारत में नेट कलेक्शन के मामले में 1,000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।

भारतीय कंटेंट की बढ़ती ग्लोबल डिमांड
इंटरव्यू के दौरान जब टेड सारंडोस से पूछा गया कि भारत को अपना ‘स्क्विड गेम’ या ‘मनी हाइस्ट’ कब मिलेगा, तो उन्होंने कहा कि भारत में सिनेमा का इतिहास इतना समृद्ध और शानदार है कि यहां ऐसी सफलताएं फिल्मों के जरिए लगातार मिलती रहती हैं। उन्होंने बताया कि दुनिया भर के दर्शकों ने इस साल नेटफ्लिक्स पर 3.5 अरब घंटे का भारतीय कंटेंट देखा है। वर्तमान में ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ दोनों ही पार्ट नेटफ्लिक्स पर दर्शकों के बीच धूम मचा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button