
सावन का महीना आते ही चारों ओर भगवान शिव की भक्ति का माहौल नजर आने लगता है। मंदिरों से लेकर कांवड़ यात्राओं तक शिव भजनों की गूंज सुनाई देती है। ऐसे में कैलाश खेर का मशहूर भक्ति गीत ‘बम लहरी’ आज भी शिव भक्तों के बीच खास पहचान रखता है।
कैलाश खेर ने अपनी दमदार आवाज और अलग अंदाज से इस गाने को एक अलग ही ऊर्जा दी है। यह गीत किसी फिल्म का हिस्सा नहीं था, बल्कि उनके म्यूजिक बैंड कैलासा के जरिए तैयार किया गया था। फ्यूजन म्यूजिक के साथ तैयार इस भक्ति गीत ने युवाओं से लेकर शिव भक्तों तक सभी के दिलों में जगह बनाई।
शिव भक्ति में डुबो देता है ‘बम लहरी’
‘बम लहरी’ में कैलाश खेर की ऊंची आवाज और जोश भरी गायकी इस गाने को खास बनाती है। इस गीत में भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति की भावना को बेहद प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है।
कैलाश खेर ने बॉलीवुड में कई यादगार गाने दिए हैं, लेकिन उनके भक्ति गीतों ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। उनका गाना ‘अल्लाह के बंदे’ आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय है।
सावन और कांवड़ यात्रा में खास लोकप्रियता
साल 2007 में रिलीज हुआ ‘बम लहरी’ आज भी सावन, महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा जैसे मौकों पर खूब सुना जाता है। मंदिरों, धार्मिक आयोजनों और लाइव कार्यक्रमों में भी यह गीत अक्सर सुनाई देता है।
इस गाने के बोल कैलाश खेर ने परेश और नरेश कामथ के साथ मिलकर तैयार किए थे। वहीं इसके संगीत में भी कैलाश खेर की खास शैली देखने को मिलती है।कैलाश खेर की आवाज में भक्ति और ऊर्जा का यह संगम आज भी शिव भक्तों को झूमने पर मजबूर कर देता है ।









