आगरा में ट्यूशन के दौरान बच्चों ने छेड़ी बंदूक, अचानक चली गोली से 17 साल के छात्र की मौत

आगरा। जिले के ब्लॉक क्षेत्र के गांव बसई अरेला में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान में ट्यूशन पढ़ने आए बच्चों की नजर वहां रखी एक बंदूक पर पड़ गई। सभी बच्चे कौतूहलवश उसे देखने लगे, तभी अचानक बंदूक से फायर हो गया। इस हादसे में 17 वर्षीय छात्र मोहित के पैर में छर्रे लग गए और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

बसई अरेला निवासी ओम शर्मा के निर्माणाधीन मकान में उनका बेटा आकाश 12वीं कक्षा के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है। नीलगाय और जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए गांव में कुछ शिकारी बुलाए गए थे, जिनकी बंदूक इसी निर्माणाधीन मकान में रखी हुई थी। ट्यूशन के दौरान बच्चों की नजर उस पर पड़ी और वे उसे देखने लगे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे मोहित पुत्र विनोद प्रजापति की बाईं जांघ में जा लगी।

परिजनों में मचा कोहराम

गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में मोहित को आगरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर एसीपी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि अभी तक परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन जांच की जा रही है और तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मोहित की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने बताया कि मोहित से छोटा एक भाई और दो बहनें हैं। पिता खेती-किसानी करके परिवार का गुजारा चलाते हैं।

Related Articles

Back to top button