बहन की शादी के लिए रची थी साजिश, पड़ोसी ने चुराए 10-15 लाख के गहने और कैश, ऐसे खुला राज!

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहाँ बहन की शादी की तैयारियों के चक्कर में एक पड़ोसी ही चोर बन बैठा। कानपुर के जाजमऊ इलाके में हुई 10 से 15 लाख रुपये की बड़ी चोरी का पुलिस ने चंद दिनों में ही खुलासा करते हुए 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से शत-प्रतिशत चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जाजमऊ क्षेत्र में एक घर की छत की जाली तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश किया था और अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 10 से 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने व नकदी पार कर दी थी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ था और पीड़ित परिवार ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सुराग जुटाए, तो जो सच सामने आया उसने सबको चौंका दिया।

पड़ोसी निकला मास्टरमाइंड
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय पड़ोसी जफर को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने जो वजह बताई, वह बेहद हैरान करने वाली थी। जफर अपनी बहन की शादी के लिए गहने और पैसे जुटाना चाहता था, जिसके चलते उसने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से सोने की अंगूठियां, कंगन, चेन और झुमके समेत सारा चोरी हुआ सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। हालांकि, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी के कुछ पैसों में से अपनी बाइक ठीक करवा ली थी और कुछ अन्य खर्चों में इस्तेमाल किए थे। जाजमऊ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिली है, वहीं पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button