
बॉलीवुड में एक दौर ऐसा था जब इमरान हाशमी की फिल्में अपनी बेहतरीन कहानियों, सुपरहिट गानों और बोल्ड सीन्स के लिए जानी जाती थीं। हालांकि, इन फिल्मों ने उन्हें ‘सीरियल किसर’ की एक खास छवि भी दे दी थी। वक्त के साथ एक्टर ने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर इस इमेज को तोड़ने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनके फैंस के दिलों से वह पुराना जादू आज भी कम नहीं हुआ है।
हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन 2’ के साथ इमरान हाशमी एक बार फिर रोमांटिक जॉनर में लौटे हैं। साल 2007 में आई कल्ट क्लासिक फिल्म ‘आवारापन’ के इस सीक्वल को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हो चुकी है। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं, और इसका निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है।
लेकिन फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा छिड़ गई है। दरअसल, ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी का एक भी किसिंग सीन नहीं है। इस बात ने उनके कई फैंस को थोड़ा हैरान और निराश जरूर किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
यूजर्स ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह के ह्यूमरस कमेंट्स शेयर किए। एक यूजर ने लिखा, ‘उम्र हो गई है, वो वाला इमरान हाशमी अब नहीं रहा।’ वहीं दूसरे ने लिखा, ‘बिना किस सीन के इमरान हाशमी को देखना गैर-कानूनी लगता है।’ एक अन्य यूजर ने तो यहां तक कह दिया, ‘इमरान भाई, दिशा को किस कर लो, ऐसा नहीं है कि आलिया देख रही है।’ कुछ फैंस ने यह भी माना कि फिल्म की कहानी इतनी दमदार थी कि किसिंग सीन की कमी महसूस ही नहीं हुई।









