
अगर आप भी इन दिनों अपने मौजूदा टेलीकॉम ऑपरेटर को बदलकर Airtel, Jio या Vi में से किसी दूसरे नेटवर्क पर स्विच करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है। अक्सर हम दूसरों के अनुभवों के आधार पर सिम बदल लेते हैं, लेकिन घर या ऑफिस के अंदर नेटवर्क सही न मिलने पर पछताना पड़ता है। अब आपको इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आप घर बैठे मिनटों में खुद यह चेक कर सकते हैं कि आपके एरिया में किस कंपनी का नेटवर्क सबसे बेहतर है।
आजकल देश की तीनों प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां—Airtel, Jio और Vi—अपने ग्राहकों को ऑफिशियल नेटवर्क कवरेज मैप ऑनलाइन उपलब्ध कराती हैं। एयरटेल के नेटवर्क कवरेज मैप पर जाकर आप अपना एरिया, पूरा एड्रेस या पिन कोड दर्ज कर सकते हैं। इससे आपको स्क्रीन पर 2G, 4G और 5G नेटवर्क की सटीक उपलब्धता दिखाई दे जाएगी। ठीक इसी तरह, जियो के कवरेज मैप में भी पिन कोड या एड्रेस डालकर 4G, 5G और 4G+5G की स्थिति को अलग-अलग फिल्टर करके देखा जा सकता है। जियो का यह मैप हाल ही में अपडेट भी किया गया है।
दूसरी ओर, Vi भी अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर नेटवर्क कवरेज चेक करने की सुविधा देता है, जहां यूजर अपने सर्कल के हिसाब से 5G कनेक्टिविटी और नेटवर्क स्ट्रेंथ की जानकारी ले सकते हैं। इन टूल्स की मदद से आप यह आसानी से जान सकते हैं कि आपके घर के भीतर किस कंपनी के सिग्नल सबसे मजबूत हैं। सही नेटवर्क चुनने से न केवल कॉल ड्रॉप की समस्या से छुटकारा मिलता है, बल्कि इंटरनेट स्पीड भी शानदार मिलती है।









