नितिन गडकरी का दावा- दिल्ली और मेरठ के बीच बनाई 40 लेन वाली सड़क, बताया हाईवे का भविष्य

डेस्क : सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली और मेरठ के बीच 40 लेन वाली सड़क बनाई गई है। गडकरी ने यह बात पुणे में सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के ‘फेस्टिवल ऑफ थिंकर्स’ कार्यक्रम के दौरान कही।

गडकरी ने कहा कि विदेशों में आधुनिक और चौड़े हाईवे देखने के बाद उन्हें भारत में भी बड़े स्तर पर सड़क निर्माण करने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि आने वाले समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना तैयार करनी चाहिए।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का किया जिक्र

कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि करीब 27 साल पहले उनके कार्यकाल में यह एक्सप्रेसवे बनाया गया था और आज भी इसकी स्थिति बेहतर है।

गडकरी ने कहा कि एक्सप्रेसवे की अच्छी स्थिति की चर्चा सोशल मीडिया पर नहीं होती, लेकिन ‘मिसिंग लिंक’ के एक हिस्से में भूस्खलन के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य सरकार से जुड़ी थी और उस समय वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने के कारण निर्माण में देरी हुई थी।

तकनीक से होगी सड़कों की निगरानी

केंद्रीय मंत्री ने सड़क निर्माण और रखरखाव में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ली-डार और सैटेलाइट तकनीक के जरिए सड़कों की निगरानी की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि तकनीक की मदद से सड़क की छोटी कमियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे बड़ी समस्याओं को रोका जा सकेगा।

अगले 25 से 50 सालों को ध्यान में रखकर बने सड़कें

गडकरी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना केवल वर्तमान जरूरतों को देखकर नहीं बल्कि अगले 25 से 50 वर्षों को ध्यान में रखकर बनाई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर देश के आर्थिक विकास की नींव है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और गरीबी कम करने में मदद मिलती है।गडकरी ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीक, शोध और नवाचार के बीच बेहतर तालमेल से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button