
चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने राज्य के सभी 234 विधायकों के लिए बड़े राहत पैकेज का ऐलान किया है। इसके तहत हर विधायक को उनके निर्वाचन क्षेत्र में कामकाज आसान बनाने के लिए एक सरकारी कार दी जाएगी। साथ ही, ड्राइवर, फ्यूल और मेंटेनेंस के लिए हर महीने 75 हजार रुपये का विशेष भत्ता भी सरकार देगी। इसके अलावा, निजी सचिव रखने के लिए 25 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद और स्वास्थ्य बीमा कवर को 5 लाख से सीधे 25 लाख रुपये तक बढ़ा दिया गया है।
सीएम विजय ने किया फैसले का बचाव
विधानसभा में इस फैसले का बचाव करते हुए सीएम विजय ने कहा कि विधायकों को जनता की समस्याएं सुलझाने के लिए रोजाना अपने इलाकों का दौरा करना पड़ता है। कई विधायक साधारण परिवारों से आते हैं और पहली बार चुनकर आए हैं। ऐसे में यह निर्णय पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन के लिए जरूरी है।
यह फैसला VCK विधायक जोथिमणि की ओर से लॉजिस्टिक्स सपोर्ट की मांग के बाद लिया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री राज मोहन और कांग्रेस विधायक थरगई कथबर्ट ने भी इस कदम की तारीफ करते हुए कहा कि इससे ड्राइवरों और सेक्रेटरी के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।
DMK ने उठाए सवाल
वहीं, मुख्य विपक्षी दल डीएमके ने सरकार के इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता ए सर्वनन ने इसे फिजूलखर्ची करार देते हुए कहा कि सभी 234 विधायकों के लिए नई गाड़ियां खरीदने और भारी भत्ते देने से राज्य के खजाने पर बेवजह का आर्थिक बोझ बढ़ेगा।









