
शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। बिडौली गुरुद्वारे के सामने तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और दूसरी लेन में पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। केबिन में फंसे चालक को बाहर निकलने का जरा भी मौका नहीं मिला।
कैसे हुआ पूरा हादसा?
जानकारी के मुताबिक, करनाल निवासी बिंदर ट्रक संख्या एचआर-45बी-4329 से मुजफ्फरनगर से चावल लादकर करनाल जा रहा था। जैसे ही ट्रक बिडौली गुरुद्वारे के सामने पहुंचा, अचानक बेकाबू हो गया और डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक पलटकर दूसरी लेन में जा गिरा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़े।
पलक झपकते ही धधक उठा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डिवाइडर से टक्कर के बाद ट्रक से चिंगारी निकली और कुछ ही सेकंड में भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी ट्रक के करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने केबिन में फंसे चालक को देखा और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसका एक हाथ ट्रक के नीचे दबा हुआ था। आग बहुत तेजी से फैल रही थी, जिससे बचाव की कोशिशें नाकाम हो गईं और चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
दमकल ने मुश्किल से पाया काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसके बाद ट्रक के अंदर से चालक का जला हुआ शव बाहर निकाला गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची रही और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।









