
मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजा अली सरकार ने अपने रिश्तेदार इसराफिल सरकार की दरांती से हमला कर हत्या कर दी थी।
मामला दौलताबाद थाना क्षेत्र का है, जहां जमीन को लेकर दोनों रिश्तेदारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन राजा अली इसराफिल सरकार की जमीन से कटहल तोड़ने पहुंचा था। इसराफिल ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, कहासुनी के बाद राजा अली ने दरांती से इसराफिल पर हमला कर दिया और उसके गले पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। सुनवाई के बाद अदालत ने राजा अली सरकार को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।









