शाहजहांपुर में गौतम मौर्य हत्याकांड के आरोपी समीर के मकान पर चला प्रशासन का बुलडोजर

शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के मोहल्ला कमलनैनपुर निवासी गौतम मौर्य की हत्या के मुख्य आरोपी समीर के घर पर बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे प्रशासन की टीम पहुंच गई। टीम ने समीर के रिश्तेदारों को बुलाकर घर के अंदर रखा सारा सामान बाहर निकलवा दिया। पूरा मकान खाली कराने के बाद दोपहर से उसे तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि 31 जुलाई की रात गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। दो समुदायों से जुड़े इस मामले के बाद एक अगस्त को हिंदू संगठनों ने कांट थाने के सामने धरना देकर करीब आठ घंटे तक कांट-जलालाबाद मार्ग जाम रखा था। एसपी सौरभ दीक्षित ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने की बात लिखित में लेने के बाद ही धरना खत्म किया था।

पुलिस ने चार आरोपियों को भेजा था जेल

इस मामले में पुलिस ने आरोपी समीर, उसके पिता लियाकत, सगे भाई तदीम और चचेरे भाई राजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हत्या के बाद से ही आरोपी का मकान बंद पड़ा था। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने दो अगस्त को समीर के मोहल्ला गढ़ी पूर्वी प्रथम स्थित मकान को अवैध निर्माण बताते हुए नोटिस चस्पा कराया था और 15 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया था।

तय समय में कोई जवाब न मिलने पर प्रशासन ने गुरुवार से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। ईओ के मुताबिक, यह निर्माण बिना सूचना और बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया था, इसलिए इसे गिराया जा रहा है। मकान में तीन हिस्से हैं—एक समीर की मां सलमा के नाम और दो अन्य परिवार की सदस्यों अमीरन व नसीम के नाम दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button