देश में चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों ने जनता की परेशानी बढ़ा दी है। इस समय चीनी का फुटकर प्राइज 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं चीनी के बढ़ते दामों के विरोध में अयोध्या में सपा के दिव्यांग नेता का अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव पंडित समरजीत ने ‘PDA का चीनी स्टॉल’ लगाकर बेहद कम कीमतों पर ग्रामीण महिलाओं को चीनी बेची।
चीनी खरीदने के लिए महिलाओं की लाइन लगी
अयोध्या के बीकापुर ब्लॉक के पिपरी जलालपुर की निषाद बस्ती में समाजवादी पार्टी के दिव्यांग नेता पंडित समरजीत ने सस्ती चीनी बेचने के लिए स्टॉल लगाया। समरजीत ने ‘PDA स्टॉल’ पर 20 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चीनी बेची। इतनी सस्ती चीनी खरीदने के लिए ग्रामीण महिलाओं की लंबी लाइन लग गई। देखते ही देखते महिलाओं ने सारी चीनी खरीद ली। रक्षाबंधन से पहले सस्ती चीनी मिलने से महिलाएं काफी खुश नजर आईं। महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन पर सस्ती चीनी मिलने से वे अब अपने हाथों से मिठाई बनाकर भाइयों का मुंह मीठा करवाएंगी।
‘सरकार ने महंगाई से जनता की कमर तोड़ दी’
वहीं सपा नेता पंडित समरजीत ने चीनी बढ़ती कीमतों पर प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। समरजीत ने कहा, ‘महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट गई है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर बहनें चिंतित थीं कि महंगी चीनी के चलते मिठाई कैसे बनाएंगी।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता महंगाई से परेशान लोगों को राहत पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्र में PDA चीनी 20 रुपये किलो की दर से वितरित की गई, ताकि गरीब बहनें रक्षाबंधन पर अपने भाइयों का मुंह मीठा करा सकें.’
बता दें कि चीनी कीमतों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है, जिसने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। मौजूदा समय में जहां फुटकर में अनपैक्ड चीनी कीमत 70 रुपये के करीब है, वहीं पैक्ड चीनी की कीमत लगभग 80 रुपये है। चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।









