बस्ती में रिश्तों का कत्ल! प्रेम में रोड़ा बने पिता की बेटी और प्रेमी ने कर दी हत्या

बस्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र के रामापुर तिवारी गांव में एक बेटी और उसके प्रेमी पर अपने ही पिता की...

बस्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र के रामापुर तिवारी गांव में एक बेटी और उसके प्रेमी पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पिता बेटी के प्रेम संबंध का विरोध कर रहे थे, जिसके चलते दोनों ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

आरोप है कि बेटी और उसके प्रेमी ने पहले बुजुर्ग पिता पर हंसिया से हमला किया और फिर गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

प्रेम संबंध का विरोध कर रहे थे पिता

रामापुर तिवारी गांव निवासी 50 वर्षीय कृष्णा अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग का लगातार विरोध कर रहे थे। परिवार की प्रतिष्ठा और सामाजिक मान-मर्यादा का हवाला देते हुए उन्होंने कई बार बेटी और उसके प्रेमी को समझाने की कोशिश की थी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे दोनों आरोपियों ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। कृष्णा पशुओं का चारा काटने के लिए दुबौलिया थाना क्षेत्र के बभरौली नहर के पास गए थे, जहां उन पर हमला किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के बेटे की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सीओ कलवारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button