
डेस्क : सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई है। रिलीज़ के आठ दिन बाद फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब ₹45 करोड़ तक ही पहुंच पाया है, जिसमें भारत में नेट कलेक्शन लगभग ₹33 करोड़ रहा।
शुरुआत से ही सुस्त रही रफ्तार
बता दे कि फिल्म की शुरुआत ही कमजोर रही थी। पहले दिन (शुक्रवार) फिल्म ने महज ₹5.75 करोड़ का कारोबार किया। स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी के चलते दूसरे दिन कलेक्शन में उछाल जरूर आया, लेकिन यह सिर्फ छुट्टी का असर साबित हुआ, कोई असली ट्रेंड नहीं। इसके बाद वीकडेज़ में फिल्म की कमाई। लगातार गिरती चली गई — छठे दिन तो सिर्फ करीब ₹1 करोड़ का ही कलेक्शन दर्ज हुआ।
राजकुमार संतोषी की वापसी भी नहीं आई काम
बंटवारे की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जिनकी यह लंबे अंतराल के बाद वापसी थी। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में सनी देओल के अलावा प्रीति ज़िंटा, शबाना आज़मी, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नज़र आए। बावजूद इसके, दर्शकों को फिल्म पसंद नहीं आई और माउथ पब्लिसिटी भी फिल्म के पक्ष में नहीं रही।
बॉर्डर 2 की सफलता के बाद बड़ा उलटफेर
गौरतलब है कि सनी देओल की पिछली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ इस साल की सबसे कामयाब हिंदी फिल्मों में शुमार हुई थी और उन्हें ‘गदर 2’ के बाद से एक मजबूत विनिंग स्ट्रीक पर ला खड़ा किया था। लेकिन ‘बटवारा 1947’ की नाकामी ने इस सिलसिले पर ब्रेक लगा दिया है। इस बीच इमरान हाशमी की ‘अवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर बादशाहत कायम कर ली है, जिससे ‘बटवारा 1947’ के शोज़ भी घटते चले गए।
ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, दूसरे हफ्ते में फिल्म की रिकवरी की उम्मीद बेहद कम है और यह आमिर खान प्रोडक्शंस के लिए एक बड़ा घाटे का सौदा साबित हो सकती है।









