
सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में जंगल में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। मृतका की पहचान खेड़ा मवी खुर्द निवासी वाजिद की पत्नी इमराना के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पड़ोसी शमशाद जोगी को गिरफ्तार किया है।
7-8 महीने से चल रहा था प्रेम संबंध
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि इमराना छुटमलपुर स्थित एक दवा कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान शमशाद उसे कई बार बाइक से नौकरी पर छोड़ने और लेने जाता था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों के बीच करीब 7-8 महीने पहले प्रेम संबंध बन गए थे।
बेटी की शादी के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि इमराना अपनी बेटी आफरीन की शादी की तैयारी कर रही थी और इसके लिए शमशाद से पैसों की मांग कर रही थी। शमशाद पैसे देने से इनकार करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, इमराना के कथित तौर पर केसर उर्फ केशव से संबंधों को लेकर भी शमशाद नाराज रहता था और वह उस पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहा था। लगातार विवादों से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
बहाने से जंगल ले गया, सरिया से किए वार
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की शाम शमशाद इमराना को कंपनी से लेने गया था। उसने पहले से हत्या की योजना बना रखी थी। पुलिस का दावा है कि उसने अपना मोबाइल घर पर छोड़ दिया था और बाइक में भी बदलाव किए थे, ताकि CCTV में पहचान न हो सके।
इसके बाद वह इमराना को संबंध बनाने और पैसे देने का बहाना बनाकर गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के नांगल अहीर गांव के जंगल में ले गया। वहां आरोपी ने बाइक में रखे सरिए से इमराना के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव नाले में फेंका
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शमशाद ने शव को नाले में फेंक दिया। उसने इमराना का मोबाइल सरिए से तोड़कर तालाब में फेंक दिया और वारदात में इस्तेमाल सरिया भी तालाब में डाल दिया।
दूसरे व्यक्ति पर शक कराने की थी कोशिश
पुलिस का कहना है कि शमशाद ने हत्या का शक इमराना के कथित पहले प्रेमी केसर उर्फ केशव पर डालने की योजना बनाई थी। इसी वजह से उसने वारदात को ऐसे स्थान पर अंजाम दिया, जो उसके गांव के आसपास था। घटना के बाद वह इमराना के पति के साथ उसकी तलाश करने का नाटक भी करता रहा।
CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज
पुलिस ने इमराना के आने-जाने वाले रास्तों और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में शमशाद की गतिविधियां संदिग्ध मिलने के बाद पुलिस का शक उस पर गहरा गया।
इसके बाद पुलिस ने 22 अगस्त को हरौड़ा कट के पास से शमशाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।









