हाथरस की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और मां की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, महाकाल जाते वक्त ट्रक से टकराई कार

हाथरस। सावन के पावन महीने में महाकाल के दर्शन को निकला एक परिवार रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गया। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में मंगलवार सुबह हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना में हाथरस की मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की मौत हो गई। इस खबर से परिवार से लेकर सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स तक गहरे सदमे में हैं।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव महोखास निवासी 23 वर्षीय छवि वार्ष्णेय सोमवार को अपने माता-पिता और एक रिश्तेदार के साथ उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए निकली थीं। कार में छवि, उनके पिता श्यामलाल, मां सारिका, रिश्तेदार सूरजपाल और चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। मंगलवार सुबह आगर मालवा जिले में उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मां-बेटी को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने छवि और उनकी 55 वर्षीय मां सारिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छवि के पिता श्यामलाल, कार चालक और रिश्तेदार सूरजपाल घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

सोशल मीडिया पर थीं काफी लोकप्रिय

छवि वार्ष्णेय सोशल मीडिया पर काफी चर्चित चेहरा थीं। उनके यूट्यूब चैनल पर सात लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर भी उनके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। उन्होंने साल 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था और डेली व्लॉग्स के अलावा मोटिवेशनल वीडियो भी शेयर करती थीं। महाकाल दर्शन के लिए निकला यह परिवार शायद इस बात से पूरी तरह अनजान था कि रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है। एक झटके में मां-बेटी की जिंदगी छिन गई और पीछे छोड़ गया ऐसा दुख, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो पाएगी।

Related Articles

Back to top button