UP में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का ऐलान, CM योगी बोले- बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाला जाएगा जेल या जहन्नुम

राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को याद करते हुए महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। सीएम योगी ने कहा कि अहिल्याबाई ने महिला स्वावलंबन का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया था। इसी प्रेरणा से प्रदेश सरकार 27, 28 और 29 अगस्त को सभी महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा दे रही है। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आई-कार्ड के जरिए निशुल्क बस सेवा का लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के लिए ‘आधी आबादी’ अलग नहीं है और उनके कल्याण के लिए कई विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का कोई ढांचा नहीं था। कोई इंटीग्रेटेड सिस्टम न होने से हर उत्सव से पहले उपद्रव होते थे, जिससे सबसे ज्यादा परेशान महिलाएं ही होती थीं।

उन्होंने आगे कहा कि उस दौर में लैंड माफिया, सैंड माफिया और शिक्षा माफिया हावी थे और आधी आबादी को न सुरक्षा मिली, न सम्मान और न स्वावलंबन। हालांकि, आज स्थिति बदल चुकी है और उपद्रव को उत्सव में बदल दिया गया है। अब हर योजना का केंद्र बिंदु बेटी और आधी आबादी है। सीएम ने अपराधियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि “बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले को सीधे जेल या जहन्नुम भेजा जाएगा।”

Related Articles

Back to top button