
अयोध्या। अगस्त में सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनाए जाने वाले रक्षाबंधन को लेकर रामनगरी अयोध्या में खास उत्साह है। सावन मेले के आखिरी दिन पड़ने वाले इस पर्व के लिए शहर के बाजार पूरी तरह रंग-बिरंगी राखियों से सज चुके हैं। इस बार अयोध्या में सबसे खास आकर्षण रामलला और श्रीराम के चित्र वाली राखियां बनी हुई हैं, तो वहीं भगवान श्रीकृष्ण की राखियों की भी जमकर मांग है।
धार्मिक राखियों का बढ़ा क्रेज
रिकाबगंज, नाका, नियावां और साहबगंज समेत अयोध्या के प्रमुख बाजारों में महिलाएं और बहनें अपने भाइयों की कलाई के लिए पसंदीदा राखियां खरीदने पहुंच रही हैं। धार्मिक आस्था से जुड़ी राखियों को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है। राखियां खरीदने आईं महिलाओं ने रक्षाबंधन की तैयारियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी खूब तारीफ की।
उनका कहना था कि अयोध्या में लगातार बढ़ रही धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से रामनगरी की पहचान पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है। कुल मिलाकर रक्षाबंधन से ठीक पहले अयोध्या का बाजार भाई-बहन के प्यार, आस्था और उत्साह के रंगों में पूरी तरह डूबा नजर आ रहा है।









