
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रोरावर थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चोरी के सामान की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची पुलिस टीम को ही बंधक बना लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रोरावर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर अनुज कुमार शर्मा दो सिपाहियों के साथ एक मकान में चोरी का माल छिपाए जाने की सटीक सूचना पर रेड करने पहुंचे थे। पुलिस टीम जैसे ही घर के अंदर दाखिल हुई, वहां मौजूद एक महिला और उसके बेटे ने पुलिस कर्मियों का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ने क्राइम इंस्पेक्टर और दोनों सिपाहियों को एक कमरे में बंद कर बंधक बना लिया।
पुलिस टीम को बंधक बनाए जाने की खबर से महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी भारी पुलिस बल और आला अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों को सुरक्षित मुक्त कराया।
फिलहाल, पुलिस बल मौके पर मौजूद है और बंधक बनाने वाले मां-बेटे के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अलीगढ़ में पुलिसकर्मियों को इस तरह बंधक बनाए जाने की घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।









