लखनऊ में जन्माष्टमी पर ट्रैफिक डायवर्जन, रिजर्व पुलिस लाइन के कार्यक्रम को लेकर बदली यातायात व्यवस्था

लखनऊ: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह डायवर्जन आज दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा।

यातायात पुलिस के मुताबिक, जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान हनुमान सेतु तिराहे से आईटी चौराहे तक यातायात प्रभावित रहेगा। इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की यातायात समस्या न हो।

डायवर्जन व्यवस्था के तहत नदवा बंधा मोड़ से डालीगंज होकर वाहनों को निकाला जाएगा। वहीं आईटी चौराहे से हनुमान सेतु की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों की ओर जाने से बचें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

हालांकि, आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को डायवर्जन से छूट दी गई है। एंबुलेंस, शव वाहन और फायर सर्विस के वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। यातायात पुलिस ने लोगों से कार्यक्रम के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button