एक भूल और छिन गई जिंदगी! लखनऊ में मां की सलाह पर खाई दवा, तड़प-तड़पकर किशोरी ने तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित सुरगौला गांव से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक 15 वर्षीय स्कूली छात्रा ने गलती से सिरदर्द की दवा की जगह चूहे मारने की दवा खा ली, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान रामपाल की 15 वर्षीय बेटी शेजल को सुबह अचानक तेज सिरदर्द की शिकायत हुई। दर्द से परेशान शेजल ने अपनी मां जानकी से सिरदर्द की दवा मांगी। मां ने बिना देखे रसोई घर के ऊपर रखे एक डिब्बे से दवा निकालकर खाने को कह दिया। मां की बात सुनकर शेजल ने डिब्बे से पुड़िया निकाली और उसमें रखी दवा का सेवन कर लिया।

जहर शरीर में फैलते ही छात्रा की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह तड़पने लगी। परिजनों को जब तक अपनी भूल का अहसास हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन रास्ते में ही किशोरी ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक छोटी सी लापरवाही से हुई इस दुर्घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस मामले की वैधानिक जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button