
डेस्क : लंबे इंतजार के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा था। ट्रेलर रिलीज होने के बाद बढ़ी चर्चा का असर अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में भी नजर आ रहा है।
बता दे कि फिल्म की एडवांस बुकिंग ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि इसे सिनेमाघरों में मजबूत शुरुआत मिल सकती है। रिलीज के पहले दिन सामने आए शुरुआती आंकड़े भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं।
पहले दिन कैसा रहा फिल्म का प्रदर्शन?
वही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने पहले दिन करीब 22.56 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म का ग्रॉस इंडिया कलेक्शन करीब 26.62 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। भाषा के हिसाब से देखें तो फिल्म को सबसे ज्यादा फायदा हिंदी दर्शकों से मिला। हिंदी वर्जन ने करीब 22.43 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि तेलुगु वर्जन से लगभग 13 लाख रुपये की कमाई हुई।
शुरुआती रुझानों को देखते हुए फिल्म के पहले दिन का कुल कलेक्शन करीब 24 से 25 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। खासतौर पर शाम और रात के शो में दर्शकों की संख्या बढ़ने पर कमाई में और उछाल आने की संभावना है।
फैंस के प्यार ने बदली तस्वीर
जब ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर फिल्म के रूप में लाने का ऐलान हुआ था, तब इसे लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग राय थी। हालांकि, रिलीज के बाद जिस तरह दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं, उससे साफ है कि सीरीज की लोकप्रियता फिल्म के लिए भी बड़ा फायदा साबित हो रही है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को शुरुआती तौर पर दर्शकों और समीक्षकों की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। यही वजह है कि मेकर्स को आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वीकेंड पर बढ़ सकती है कमाई
फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इसके बजट को लेकर आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं रखा है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में इसका बजट करीब 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में अगर फिल्म पहले वीकेंड में अपनी कमाई की रफ्तार बनाए रखती है और शनिवार-रविवार को कलेक्शन में बड़ा उछाल आता है, तो फिल्म के लिए आगे की राह काफी मजबूत हो सकती है। अब सभी की नजरें दूसरे दिन और वीकेंड के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर टिकी हैं।









