
पटना: बिहार में दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद्द कर दी गई है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने बुधवार को इस संबंध में सूचना जारी की। आयोग के मुताबिक, 27 मई को दो पालियों में आयोजित की गई दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा को अपरिहार्य कारणों के चलते रद्द किया गया है। परीक्षा की नई तारीख की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
1799 पदों के लिए आयोजित हुई थी मुख्य परीक्षा
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से दारोगा के 1799 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। अब आयोग ने इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तारीख का इंतजार करना होगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर ही देखें जानकारी
BPSSC ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी अधिकृत और प्रमाणिक जानकारी के लिए केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट देखें। आयोग ने अभ्यर्थियों को असामाजिक तत्वों की ओर से किसी भी माध्यम से फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी है।
आयोग ने दलालों से सावधान रहने की भी अपील की है। साथ ही ऐसे संदिग्ध लोगों के बारे में पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।
अभ्यर्थी कर रहे थे परीक्षा दोबारा कराने की मांग
परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित कराने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर पटना में अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन भी किया था। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि परीक्षा में अनियमितता हुई है और इसकी निष्पक्ष तरीके से जांच होनी चाहिए।
अभ्यर्थी जांच में गड़बड़ी सामने आने पर परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा आयोजित कराने की मांग कर रहे थे। अब आयोग की ओर से परीक्षा रद्द किए जाने के बाद अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तारीख की घोषणा का इंतजार है।









