
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक अनोखा और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने अपने लापता पालतू तोते की तलाश के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। छिबरामऊ की कांशीराम कॉलोनी के निवासी अर्जुन ने अपने 14 साल पुराने तोते को ढूंढने के लिए पूरे जिले में पोस्टर लगवाए हैं।
बता दें, मिली जानकारी के अनुसार गत 14 सितंबर को पिंजरे का दरवाजा गलती से खुला रह जाने के कारण तोता उड़ गया था। अर्जुन ने पिछले 25 दिनों में अपने स्तर पर तोते की काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थक-हारकर यह अनोखा कदम उठाया। अर्जुन के लिए यह तोता केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि पिछले 14 वर्षों से उनके परिवार के एक सदस्य जैसा था।
तोते के प्रति अर्जुन का यह गहरा लगाव अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। शहर भर में जगह-जगह चिपकाए गए पोस्टरों में तोते की तस्वीर के साथ 50,000 रुपये का नकद इनाम देने का स्पष्ट ऐलान किया गया है। स्थानीय लोग भी अर्जुन के इस प्रयास और उनके पक्षी प्रेम की सराहना कर रहे हैं।









