
कानपुर: निराला नगर के ब्लॉसम अपार्टमेंट में सरकारी डॉक्टर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कमरे में पहुंची तो डॉक्टर जमीन पर खून से लथपथ पड़े मिले। परिवार के लोग उन्हें तत्काल रीजेंसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टर संदीप सिंह कानपुर देहात में तैनात थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
ब्लॉसम अपार्टमेंट में हुई घटना
घटना रविवार रात निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट की बताई जा रही है। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। डॉक्टर की लाइसेंसी रिवाल्वर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तीन साल पहले की थी दूसरी शादी
जानकारी के मुताबिक, डॉ. संदीप सिंह ने करीब तीन साल पहले कंचन से दूसरी शादी की थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। दंपती का छह महीने का एक बेटा है। इससे पहले संदीप का करीब चार साल पहले अपनी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। पहली पत्नी से उनकी पांच साल की बेटी है।
पिता ने बताया, रात में बहू ने दी थी घटना की जानकारी
संदीप के पिता राज बहादुर ने बताया कि रात में उनकी बहू कंचन का फोन आया था। उन्होंने बताया कि कंचन ने फोन पर कहा कि ऐसी घटना हो गई है और वह संदीप को रीजेंसी अस्पताल लेकर जा रही है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।









