
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बाजना क्षेत्र में 20 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर दिनदहाड़े फायरिंग का मामला सामने आया है। बाउंड्री का निर्माण कराते समय दबंग तमंचा, राइफल और पिस्टल लहराते हुए मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा बाजना क्षेत्र गूंज उठा।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दबंग लगातार फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुई गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित ने ईंटों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। पीड़ित का कहना है कि उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और रंगदारी न देने पर दबंगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर फायरिंग कर दी।
बताया गया कि पीड़ित बाउंड्री का निर्माण करा रहा था, इसी दौरान हथियारों से लैस दबंग वहां पहुंचे। आरोप है कि दबंगों ने तमंचा, राइफल और पिस्टल लहराते हुए कई राउंड फायर किए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। फिलहाल थाना हाईवे पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है और सामने आए वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।









