नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अदाणी ग्रुप ने लॉन्च किया ‘स्वर्ल ट्रांजिट होटल’,यात्रियों को मिलेंगी विश्व स्तरीय सुविधाएं

अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) पर यात्रियों की सुविधा के लिए 80 कमरों वाले ‘स्वर्ल ट्रांजिट होटल’ (Swirl Transit Hotel) का शुभारंभ कर दिया है। टर्मिनल-1 के अराइवल लेवल पर स्थित यह दो मंजिला ट्रांजिट होटल उन यात्रियों के लिए बेहद मददगार साबित होगा, जिनकी उड़ान में लंबा लेओवर है, जो जल्दी प्रस्थान करना चाहते हैं या देर रात पहुंचे हैं और एयरपोर्ट के अंदर ही आराम, तरोताजा होने या काम करने की सुविधा चाहते हैं। इस होटल में मेहमानों के पास 4 घंटे या रात भर ठहरने का विकल्प उपलब्ध होगा।

नवनिर्मित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस होटल के जुड़ने से यात्रियों के लिए गैर-विमानन सेवाओं का दायरा और बढ़ गया है। इस होटल में 130 वर्ग फीट से लेकर 410 वर्ग फीट तक के दायरे में कुल छह श्रेणियों के 80 कमरे बनाए गए हैं, जिनमें सुपरियड सिंगल, सुपीरियर डबल, सुपीरियर ट्विन, सुपीरियर एक्सेसिबल, जूनियर सुइट और एक्जीक्यूटिव सुइट शामिल हैं। इसके अलावा यहाँ हाई-स्पीड वाई-फाई, स्मार्ट टेलीविजन, डेडीकेटेड वर्कस्टेशन, इलेक्ट्रॉनिक सेफ, चाय-कॉफी की सुविधा, प्रीमियम बिस्तर और 24 घंटे हाउसकीपिंग जैसी बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी।

होटल परिसर में 40 मेहमानों के बैठने की क्षमता वाला एक 24 घंटे खुला रहने वाला डाइनिंग रेस्तरां, इन-रूम डाइनिंग, ग्रैब-एंड-गो विकल्प और एक बार भी बनाया गया है। अदाणी समूह की योजना इस ‘स्वर्ल’ ट्रांजिट होटल के कॉन्सेप्ट को आगे बढ़ाते हुए गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (LGBIA) पर भी टर्मिनल-2 के अराइवल एरिया में 21 कमरों की एक नई प्रॉपर्टी शुरू करने की है। इस पहल से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट के भीतर ही लग्जरी और सुविधापूर्ण माहौल मिल सकेगा।

Related Articles

Back to top button