
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ प्रेम प्रसंग में अपनों का विरोध और पुलिसिया कार्रवाई का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि दो परिवारों में मातम छा गया। मऊ थाना क्षेत्र के जोरवारा गांव में नवरात्र के पावन मौके पर उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब प्यार में नाकाम और कानूनी पचड़े से बौखलाए एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर खूनी तांडव मचा दिया।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब घटना से ठीक एक दिन पहले परिजनों ने प्रेमी श्याम आधार मिश्र और उसकी नाबालिग प्रेमिका को एक साथ पकड़ लिया था। इसके बाद प्रेमिका के परिजनों ने मऊ थाने में युवक के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस शिकायत और रिश्ते में बन रही रुकावट से तिलमिलाया श्याम आधार रविवार रात करीब 9 बजे हाथ में अवैध तमंचा लिए सीधे प्रेमिका के दरवाजे पर जा पहुंचा।
आवेश में अंधे हो चुके युवक ने घर में दाखिल होते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। इस गोलीबारी में प्रेमिका की चाची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके चाचा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला, लेकिन कहानी का अंत यही नहीं हुआ। घटनास्थल से महज 150 मीटर दूर खेत में आरोपी श्याम आधार भी लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके चेहरे पर गोली लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। महज एक गुस्से और ज़िद ने कुछ ही घंटों के भीतर हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए तबाही के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया।









