SIR के खिलाफ दिल्ली में विपक्षी नेताओं का हल्लाबोल, अखिलेश यादव, बोले- बीजेपी हटेगी तभी बचेगा संविधान

राजधानी दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर लोकतंत्र और चुनावी निष्पक्षता की रक्षा के नाम पर बड़ा सियासी घमासान देखने को मिल रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े दिग्गज लामबंद हो चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत विपक्ष के बड़े चेहरे कदम से कदम मिलाकर सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च कर रहे हैं।

भारत समाचार से खास बातचीत के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का तीखा आक्रोश साफ नजर आया। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाए रखने के लिए बीजेपी का हटना बेहद जरूरी है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव में जिस तरह की गड़बड़ियां और फर्जीवाड़ा देखा गया, वह देश की लोकतांत्रिक बुनियाद पर चोट है।

विरोध प्रदर्शन का स्थान बदलने और जंतर-मंतर पर पाबंदियां लगाने को लेकर भी विपक्ष ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि रास्ते बंद करने या जगह बदलने से जनाक्रोश को दबाया नहीं जा सकता, बल्कि सरकार को और जगह बनानी चाहिए। विपक्षी नेताओं का साफ कहना है कि जब तक चुनाव आयोग में जवाबदेही तय नहीं होती और जिम्मेदार अधिकारियों को हटाया नहीं जाता, तब तक यह कानूनी व मैदानी लड़ाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button