
ऑस्ट्रेलिया के आगामी सीमित ओवरों के दौरे के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपनी वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक की कप्तानी में घोषित इस टीम में स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ऑलराउंडर जैकब बेथेल की वापसी हुई है। बेथेल भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे, जबकि आर्चर को कार्यभार प्रबंधन के तहत आराम दिया गया था। दूसरी ओर, नियमित सफेद गेंद कप्तान जोस बटलर हैमस्ट्रिंग की चोट और साकिब महमूद घुटने की इंजरी के कारण इस दौरे से बाहर रहेंगे।
इंग्लैंड की टी20I टीम में युवाओं पर बड़ा दांव खेलते हुए चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें थॉमस र्यू और एडी जैक को पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है, जबकि जेम्स कोल्स और हेनरी क्रोकोम भी इस स्क्वाड का हिस्सा हैं। इसके अलावा श्रीलंका सीरीज से बाहर रहे फिल साल्ट की भी वापसी हुई है। टेस्ट सीरीज की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर और जोश टंग केवल वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे और टी20 सीरीज नहीं खेलेंगे।
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 13 नवंबर से होगी, जिसके बाद 21 नवंबर से पांच मुकाबलों की रोमांचक टी20 सीरीज खेली जाएगी।
इंग्लैंड वनडे टीम:
हैरी ब्रूक (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, जो रूट, जोश टंग।
इंग्लैंड टी20I टीम:
हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम, सैम करन, लियाम डॉसन, एनेयूरिन डोनाल्ड, एडी जैक, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, थॉमस र्यू, फिल साल्ट, ल्यूक वुड।









