
नई दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर से एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस मुलाकात के दौरान पंजाब को बिजली और कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर सार्थक चर्चा हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने राज्य को पर्याप्त बिजली और कोयला उपलब्ध कराने का पूर्ण भरोसा दिया है, जिससे पंजाब में बिजली संकट पैदा नहीं होगा।
सीएम भगवंत मान ने जोर देकर कहा कि पंजाब इस वर्ष केंद्रीय पूल में 180 लाख मीट्रिक टन (LMT) चावल का योगदान देगा। देश के अन्न भंडार में इस विशाल योगदान को बनाए रखने के लिए कृषि और उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि पछवाड़ा कोयला खदानों से आपूर्ति दुरुस्त रखने के लिए राज्य सरकार कोल इंडिया और झारखंड सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शाहपुर कंडी बांध परियोजना पर एनजीटी द्वारा बार-बार जारी होने वाले नोटिसों का मुद्दा उठाया और केंद्रीय मंत्री को परियोजनाओं के निरीक्षण का न्योता दिया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बरगाड़ी और बहिबल कलां मामलों में अदालत में मजबूत चालान पेश करने की बात कही। वहीं, पेरिस फूड फेस्टिवल और जापान दौरे के लिए विदेश यात्रा की अनुमति न मिलने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और बताया कि इस मामले में उन्होंने अदालत का रुख किया है। मानसा की दुखद घटना पर गहरा दुख जताते हुए सीएम मान ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और विपक्षी दलों पर इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। इस दौरान पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









