अजीत अगरकर की जगह BCCI का बड़ा फैसला… प्रज्ञान ओझा बने नए चीफ सेलेक्टर…

BCCI ने चयन समिति में बड़ा बदलाव किया। रमेश पवार बने नए चयनकर्ता, प्रज्ञान ओझा को बनाया गया मुख्य चयनकर्ता, अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति में एक महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पवार को नए चयनकर्ता के रूप में शामिल करने का आधिकारिक ऐलान किया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने के बाद यह पद खाली हुआ था। इसके साथ ही पूर्व टेस्ट स्पिनर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, क्योंकि उनके पास वर्तमान समिति के सदस्यों में सबसे अधिक 24 टेस्ट मैच खेलने का अनुभव है।

बता दें, अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की अध्यक्षता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने इस पद के लिए आए आवेदनों के आधार पर इंटरव्यू आयोजित किए थे। सीएसी की सर्वसम्मति से की गई सिफारिश के बाद बीसीसीआई ने रमेश पवार की नियुक्ति पर मुहर लगाई। रमेश पवार ने अपने करियर में कुल 312 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 2 टेस्ट, 31 वनडे के अलावा 148 प्रथम श्रेणी मैच शामिल हैं। इस नए बदलाव के बाद अब 5 सदस्यीय पुरुष चयन समिति में प्रज्ञान ओझा (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पवार शामिल हो गए हैं।

बीसीसीआई ने निवर्तमान मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल की जमकर सराहना की। जुलाई 2023 में पद संभालने वाले अगरकर के नेतृत्व में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और एशियाई खेलों में लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम इतिहास रचा। बोर्ड ने अगरकर के योगदान, प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button