नशे की सनक ने तोड़ी सालों पुरानी दोस्ती… चखने को लेकर हुए विवाद में चली गोली… 32 साल के युवक की मौत…

हमीरपुर के जरिया थाना क्षेत्र में दारू पार्टी के दौरान चखने को लेकर विवाद में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जरिया थाना इलाके में दोस्तों के साथ चल रही शराब पार्टी के दौरान ‘चखने’ को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने आवेश में आकर अपने ही 32 वर्षीय साथी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरिया थाना क्षेत्र में कुछ दोस्त एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखने को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात गाली-गलौज तक पहुंच गई और आरोपी ने तमंचा निकालकर 32 वर्षीय युवक पर फायर कर दिया। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोग और परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जरिया थाना पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button