
मनोरंजन डेस्क : ‘कंपनी’ और ‘सत्या’ जैसी कल्ट क्राइम ड्रामा फिल्मों से भारतीय सिनेमा में अंडरवर्ल्ड की एक अलग दुनिया रचने वाले दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित आगामी क्राइम ड्रामा फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्म 4 जून, 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि अभिनेता हर्षवर्धन राणे इसमें मुंबई के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट कॉप दया नायक का दमदार किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म में हर्षवर्धन राणे के साथ फरदीन खान, फातिमा सना शेख, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, मकरंद देशपांडे और अश्विनी कालसेकर जैसे दिग्गज कलाकारों की लंबी फौज देखने को मिलेगी।
टी-सीरीज़ द्वारा प्रेज़ेंट की जा रही इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और खुद राम गोपाल वर्मा मिलकर कर रहे हैं। प्रेस रिलीज के अनुसार, ‘पुलिस कंपनी’ आरजीवी की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘कंपनी’ की दुनिया को आगे बढ़ाती है। सच्ची घटनाओं और वास्तविक किरदारों से प्रेरित यह फिल्म उन असाधारण और खौफनाक हालात को पर्दे पर उतारेगी, जिनके चलते मुंबई में करीब 300 गैंगस्टरों का एनकाउंटर किया गया था। अंडरवर्ल्ड के खिलाफ पुलिस के साहसिक अभियानों की यह कहानी दर्शकों को एक बार फिर राम गोपाल वर्मा के सिग्नेचर स्टाइल का अनुभव कराएगी।









