मेरठ ड्रम कांड के बाद अब उन्नाव में ‘बक्सा कांड’, पुलिस जांच में पत्नी ही निकली पति की कातिल,हाईवे किनारे फेंका था शव

मेरठ के बहुचर्चित 'ड्रम कांड' की खौफनाक यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से ठीक वैसा ही सनसनीखेज 'बक्सा कांड' सामने आया है।

उन्नाव: मेरठ के बहुचर्चित ‘ड्रम कांड’ की खौफनाक यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से ठीक वैसा ही सनसनीखेज ‘बक्सा कांड’ सामने आया है। हाईवे किनारे बक्से में मिले एक युवक के शव के मामले में पुलिस ने जब तफ्तीश की कड़ियां जोड़ीं, तो रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सच सामने आ गया। इस जघन्य हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की अपनी ही पत्नी निकली, जो बीते 8 सालों से उसके साथ रह रही थी।

पुलिस की जांच में खुला भेद

पुलिस की जांच पड़ताल में खुलासा हुआ है कि महिला ने बेहद शातिराना अंदाज में अपने ही पति की हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने बाकायदा बाजार से मजदूरों को किराए पर बुलाया और उनकी मदद से शव से भरे भारी बक्से को हाईवे किनारे ले जाकर फेंक दिया, जिसके बाद वह चुपचाप फरार हो गई।

बक्से में थी लाश

जब राहगीरों और पुलिस की नजर लावारिस पड़े बक्से पर पड़ी, तो उसके अंदर से लहूलुहान शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमों ने तफ्तीश तेज की और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी पत्नी तक जा पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इस खौफनाक घटना ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों के भरोसे पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button