चंडीगढ़: आजादी के बाद पहली बार जालंधर में होगी अंतरराष्ट्रीय हॉकी की धूम, सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने सीएम मान का जताया आभार

पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ से आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 को पंजाब लाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया है। इतिहास में यह पहला मौका है जब आजादी के बाद जालंधर का प्रतिष्ठित ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में भारत, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी।

सांसद मीत हेयर ने पंजाब की समृद्ध खेल विरासत को याद करते हुए कहा कि अकेले जालंधर के संसारपुर गांव ने देश को 14 अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और 7 ओलंपिक पदक दिए हैं। इसके अलावा, भारतीय टीम के मौजूदा स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह ने इसी ऐतिहासिक मैदान से अपने खेल करियर की शुरुआत की थी। अब इन दिग्गजों को अपने ही घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का गौरव प्राप्त होगा।

उन्होंने पंजाब के सभी खेल प्रेमियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के साथ बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर टीम इंडिया का हौसला बढ़ाएं। टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर के साथ-साथ मोहाली में भी खेले जाएंगे, जहाँ 4 और 5 नवंबर को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। सांसद ने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग इस आयोजन को अपनी खेल विरासत का एक ऐतिहासिक जश्न बनाएंगे।

Related Articles

Back to top button