
उत्तराखंड में मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के एक धार्मिक कार्यक्रम में प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में दलेर मेहंदी के भाई और बॉलीवुड के लोकप्रिय सिंगर मीका सिंह की एंट्री ने इस सियासी घमासान को और तेज कर दिया है। मीका सिंह ने उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को खुली चुनौती देते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है और सवाल उठाया है कि क्या नियम और जवाबदेही केवल आम लोगों के लिए हैं?
बता दें, विवाद की शुरुआत नवरात्रि के दौरान मां कुंजापुरी के धार्मिक आयोजन में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति से हुई थी, जिस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए शराब पीकर परफॉर्म करने का गंभीर आरोप लगाया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने कहा था कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह के दृश्य श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाले हैं और आस्था के साथ समझौता नहीं किया जा सकता।
दूसरी ओर, मीका सिंह ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सोशल मीडिया पर आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने दावा किया कि दलेर मेहंदी ने कार्यक्रम में डेढ़ घंटे तक शानदार प्रस्तुति दी थी और जनता ने उनके साथ आनंद लिया था। मीका ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि मंत्री माफी मांगते हैं, तो वह उत्तराखंड आकर बिल्कुल मुफ्त में लाइव शो करने को तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जवाबदेही तय होनी चाहिए। इस बयानबाजी के बाद से देवभूमि की राजनीति में सरगर्मी काफी बढ़ गई है।









