‘एक ने सफर जिया, दूसरे ने पर्दे पर जिंदा किया’… जानें सचिन तेंदुलकर ने विक्रांत मैसी और IPS मनोज कुमार शर्मा से मुलाकात पर क्या लिखा…

सचिन तेंदुलकर ने ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 में फिल्म 12th फेल के अभिनेता विक्रांत मैसी और IPS मनोज कुमार शर्मा से मुलाकात की। सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर कही खास बात।

क्रिकेट के दिग्गज कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की मुंबई में आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 के दौरान फिल्म ’12th फेल’ की असली और रील जोड़ी से खास मुलाकात हुई। इस दौरान सचिन तेंदुलकर ने अभिनेता विक्रांत मैसी और IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की, जो अब चर्चा में है।

सचिन तेंदुलकर ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीर शेयर करते हुए इस मुलाकात को खास अंदाज में बयां किया। उन्होंने लिखा, “एक ने सफर जिया, दूसरे ने उसे पर्दे पर जिंदा किया। असली और रील 12th फेल से मिलकर बहुत अच्छा लगा!”

दरअसल, फिल्म ’12th फेल’ में विक्रांत मैसी ने IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा का किरदार निभाया था। फिल्म में मनोज शर्मा के संघर्ष, मुश्किलों और कामयाबी तक पहुंचने के सफर को दिखाया गया है।

ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 में सम्मानित हुए सचिन तेंदुलकर

यह खास मुलाकात शनिवार रात मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 कार्यक्रम के दौरान हुई। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सचिन तेंदुलकर को सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के जरिए समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए दिया गया।

सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन आदिवासी और वंचित समुदायों के बच्चों के बीच खेल को बढ़ावा देने की दिशा में काम करता है। खासतौर पर लड़कियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने पर फाउंडेशन का विशेष ध्यान है।

इस कार्यक्रम का आयोजन अमृता फडणवीस द्वारा स्थापित NGO दिव्यज फाउंडेशन ने किया था। समारोह में राजनीति, उद्योग और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजीत पवार, उद्योगपति अनंत अंबानी और अभिनेता रणवीर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

आतंकवाद पीड़ितों को समर्पित है ग्लोबल पीस ऑनर्स

ग्लोबल पीस ऑनर्स का आयोजन हर साल आतंकवाद के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने और शांति, साहस व इंसानियत के लिए योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जाता है। इस कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली हस्तियों को पहचान दी जाती है।

संघर्ष और सफलता की कहानी है फिल्म ’12th फेल’

विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म ’12th फेल’ अक्टूबर 2023 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा के वास्तविक जीवन पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे बेहद गरीबी और तमाम मुश्किलों के बावजूद मनोज शर्मा ने हार नहीं मानी और अपने संघर्ष के दम पर IPS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया।

फिल्म में उनकी पत्नी और IRS अधिकारी श्रद्धा जोशी के सहयोग को भी दिखाया गया है। विक्रांत मैसी ने मनोज शर्मा का किरदार निभाकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की खूब सराहना हासिल की। उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें अगस्त 2025 में नेशनल फिल्म अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने यह सम्मान शाहरुख खान के साथ साझा किया, जिन्हें फिल्म ‘जवान’ में उनके अभिनय के लिए पुरस्कार मिला था।

सचिन तेंदुलकर की विक्रांत मैसी और मनोज कुमार शर्मा के साथ यह मुलाकात एक बार फिर ’12th फेल’ की प्रेरणादायक कहानी को सुर्खियों में ले आई है।

Related Articles

Back to top button