
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी और अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि कोई पुलिस अधिकारी भले ही पुलिस एक्ट, 1861 की धारा 22 के तहत ‘हमेशा ड्यूटी पर’ माना जाता हो, लेकिन उसकी ओर से कर्तव्य या ड्यूटी का कोई विशिष्ट उल्लंघन साबित हुए बिना उसे किसी कार्य को न करने के लिए सजा नहीं दी जा सकती।
बता दें, हाई कोर्ट ने कहा कि केवल कानूनी प्रावधान अपने आप में किसी पुलिस अधिकारी को किसी अपराध को रोकने में विफल रहने पर दंडित करने को सही नहीं ठहरा सकता। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि उसके समक्ष ऐसा कोई नियम या विनियम प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि उस स्थिति में अधिकारी द्वारा क्या विशेष कार्रवाई किया जाना अनिवार्य था—विशेषकर यह मानते हुए कि संबंधित अधिकारी उस शादी समारोह में मौजूद था जहां विवाद या झगड़ा हुआ था और उस समय उसे विशेष रूप से किसी आधिकारिक ड्यूटी पर तैनात नहीं किया गया था।
गौरतलब है कि पुलिस एक्ट, 1861 की धारा 22 के अंतर्गत प्रत्येक पुलिस अधिकारी को अधिनियम के सभी उद्देश्यों के लिए निरंतर ड्यूटी पर माना जाता है और सामान्य पुलिस जिले के किसी भी भाग में किसी भी समय उसकी तैनाती की अनुमति होती है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के इस निर्णय को पुलिस सेवा के नियमों और अनुशासनात्मक कार्रवाई से जुड़े मामलों में एक अहम व्याख्या के रूप में देखा जा रहा है।









