परिसीमन बिल का मायावती ने किया स्वागत, SC-ST महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की उठाई मांग

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने इस फैसले के साथ अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समाज की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई है। मायावती ने कहा कि ऐसा होने से सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का उचित अवसर मिल सकेगा।

मायावती ने अपने बयान में कहा कि बीएसपी शुरू से ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी की पक्षधर रही है। पार्टी लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग लगातार करती रही है। उन्होंने केंद्र सरकार के ताजा फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि एससी और एसटी समाज की महिलाओं को अलग से आरक्षण देने पर भी सरकार को सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए।

परिसीमन में गड़बड़ी की आशंका पर भी उठाए सवाल

मायावती ने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से संबंधित तीन विधेयकों और परिसीमन की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीटों की सीमा तय करने के दौरान गड़बड़ी कर राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई बार देश और जनहित के बजाय पार्टी हित को अधिक महत्व देती हैं।

मायावती ने जनता से अपील की कि धर्म, जाति और क्षेत्रीयता से ऊपर उठकर अच्छे लोगों को चुनें। उन्होंने कहा कि बिना लुभावने वादों और घोषणाओं के बहकावे में आए सही प्रतिनिधियों का चुनाव ही लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा की असली गारंटी है।

गौरतलब है कि मायावती की पार्टी बीएसपी के पास फिलहाल लोकसभा में कोई सांसद नहीं है और न ही किसी राज्य की विधानसभा में पार्टी का विधायक है। इसके बावजूद मायावती ने परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।

Related Articles

Back to top button