
सीतापुर: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच कांग्रेस के अंदर चुनावी रणनीति को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं। सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के रवैये पर सवाल उठाते हुए उन्हें अहंकारी बताया है।
राकेश राठौर ने कहा कि प्रदेश प्रभारी ने किसी से राय लिए बिना ही 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि पार्टी में किसी की राय नहीं ली जा रही है और केवल बयानबाजी हो रही है। सुबह-शाम की बयानबाजी से पार्टी अपने लक्ष्य से दूर होती जा रही है।
सांसद राकेश राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी को साथ लेकर और मिलकर निर्णय करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के विचारों पर पलीता लगाया जा रहा है।
दरअसल, एक तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के भीतर ही चुनावी रणनीति को लेकर असहमति सामने आ रही है। सांसद राकेश राठौर के बयान के बाद यूपी कांग्रेस में संगठनात्मक फैसलों और सीटों को लेकर सहमति बनाने का मुद्दा चर्चा में आ गया है। ऐसे में सपा के साथ सीटों पर समझौते से पहले कांग्रेस के सामने पार्टी के भीतर सहमति बनाने की चुनौती भी है।









