
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज महान समाजवादी विचारक, विख्यात शिक्षाविद एवं स्वतंत्रता सेनानी आचार्य नरेन्द्र देव की 133वीं जयंती पर उनके लखनऊ में गोमती तट स्थित समाधि पर श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की। साथ में आचार्य नरेन्द्र देव जी के परिवार के सदस्य यशोवर्धन तथा मीरा वर्धन उपस्थित थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य जी ने देश में समाजवादी आंदोलन को दिशा देने काम काम किया था। वे विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। बौद्ध धर्म पर उनका विशेष अध्ययन था। वे लखनऊ और वाराणसी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर भी रहे थे। वे सादगी और त्याग की मूर्ति थे। आचार्य नरेन्द्र देव जी समाजवादी व्यवस्था को आवश्यक मानते थे।
अखिलेश यादव को इस अवसर पर आचार्य नरेन्द्र देव ग्रंथावली के आठ खंड भेंट किए गए। इस ग्रंथावली का सम्पादन जेएनयू के प्रोफेसर ओम प्रकाश सिंह और सोनम सिंह ने किया है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, विधायक रविदास मेहरोत्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष राज कुमार मिश्र सहित सुरेन्द्र विक्रम सिंह, दीपक रंजन, राम सागर, मुकेश शुक्ला, पवन मनोचा, नवीन धवन ‘बंटी‘ सोनू कनौजिया आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।









