
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रविवार रात को एसटीएफ की नोएडा यूनिट और स्थानीय पुलिस की एक इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बदमाश को इलाज के लिए ले जाया गया। जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार देर रात को मुखबिर की सूचना पर नोएडा एसटीएफ और गुलावटी पुलिस के द्वारा सवा लाख के इनामी एक बदमाश को ढेर कर दिया गया। बदमाश की पहचान सजेती जसराना फिरोजाबाद निवासी साहब सिंह के रूप में हुई है। साहब सिंह उर्फ सुनील सिंह घुमंतु जनजाति के एक कुख्यात गैंग का सदस्य था। इस बदमाश पर गोंडा से एक लाख और बुलन्दशहर से 25 हजार का इनाम घोषित था। ये घरों में डकैती और साथ ही हत्या कर देने वाले घुमंतू जनजाति के कुख्यात गैंग का सदस्य था। मृतक बदमाश D-14 गैंग का सक्रिय सदस्य था।
कुछ प्रमुख घटनाएं
- 18 अगस्त 2001 को थाना कोतवाली नगर गोंडा क्षेत्र में बदमाश ने एक घर में घुसकर अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की थी। इस दौरान उन्होने घर के सभी 14 सदस्यों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसके बाद दो बच्चों सहित कुल पांच लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
- 19 दिसंबर 2006 को थाना छर्रा अलीगढ़ क्षेत्र में घर में घुस कर दो लोगों को मार कर डकैती को अंजाम दिया था।
- 20 सितंबर 2014 को थाना कोतवाली नगर बुलन्दशहर क्षेत्र में घर में घुसकर लोगों से मारपीट करके उनके सोने चांदी के ज़ेवर, डबल बैरल बंदूक़ आदि लूट ली थी।
- 20 अक्टूबर 2014 को थाना डिबाई क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट कर घायल करके जेवर, बंदूक आदि की लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।









