
मेरठ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी निशांक गर्ग का गोली लगा शव उनके घर में मिला है। बीती रात शराब के नशे में निशांक ने पत्नी की पिटाई की और उसके बाल काट दिए। निशांत की पत्नी रात 3:00 बजे बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। सुबह लौटी तो बेड पर निशांत की गोली लगी लाश पड़ी थी।
निशांक गर्ग से सोनिया की शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी है। निशांत घर के पास में ही एक जनसेवा केंद्र चलाते थे। पार्टी की गतिविधियों में सक्रियता के चलते इस जनसेवा केंद्र का संचालन उनकी पत्नी सोनिया किया करती थी। सोनिया ने पुलिस को जो बयान दिया उसके मुताबिक रात में निशांत शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर उग्र हो गए। इसके बाद उन्होंने सोनिया की पिटाई की। पिटाई के दौरान ही कैंची से उन्होंने सोनिया के बाल भी काट दिए।

पिटाई से नाराज हुई सोनिया दोनों बच्चों को लेकर रात करीब 3:00 बजे अपने मायके चली गई थी। सोनिया का मायका घर के पास में ही है। सुबह 6:00 बजे वह घर लौटी तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। बेडरूम में जब उसने जाकर निशांक को देखा तो बेड पर उनकी गोली लगी लाश पड़ी थी। पास में ही एक तमंचा भी पड़ा हुआ था। सोनिया ने पास में रहने वाले निशांत के चचेरे भाई को फोन किया और फिर पुलिस को सूचना की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान सोनिया ने निशांत के बेड पर पड़ा हुआ तमंचा भी पुलिस के सुपुर्द किया है। माना जा रहा है कि पत्नी के गुस्सा होने से तनाव में आए निशांत ने खुद को गोली मार ली। निशांक का शव बेड पर बेहद शांत अवस्था में पड़ा हुआ है। बेड पर किसी तरह के संघर्ष के निशान दिखाई नहीं दे रहे हैं।
पुलिस की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े हुए सबूत इकट्ठा कर रही है। मेरठ के एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके बाद ही घटना की सही वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले की आत्महत्या या हत्या दोनों एंगल पर तहकीकात कर रही है।









