
लखनऊ; आज भारत अपने चंद्रयान-3 को प्रक्षेपित करेगा. दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से चंद्रयान-3 को प्रक्षेपित किया जाना है. इसको लेकर वैज्ञानिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग को लेकर वैज्ञानिकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. हमारे वैज्ञानिक इतिहास रचने से बस कुछ ही कदम दूर हैं.
इसरो चंद्रयान 3 मिशन की सफलता से भारत उन चंद देशों में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने चांद पर साफ्ट लैंडिंग की है. अभी तक इस श्रेणी में अमेरिका, चीन और रूस शामिल है. मिशन चंद्रयान 3 के सफलता के बाद भारत भी इन्हीं देशों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा. जिससे भारत की धमक भी विश्वभर में बढ़ेगी.
चंद्रयान 3 की चांद की कक्षा पर सफल लैंडिंग हो इसकी जिम्मेदारी लखनऊवासी रितु करिधाल को दी गई है. वह मिशन चंद्रयान-2 की डिप्टी डायरेक्टर रह चुकी हैं. रितु करिधाल ने अपनी परास्नातक तक की पढ़ाई लखनऊ से की है. वह 1997 से इसरो में काम कर रही हैं.
आपको बता दें कि, चंद्रयान-2 7 दिसंबर 2019 को चंद्रमा पर लैंड होना था. आखिरी क्षणों तक सब कुछ सही चल रहा था. लैंड होने से कुछ समय पूर्व ही चंद्रयान-2 से संपर्क टूट गया था. जिसके बाद श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर में मायूसी छा गई. वहां मौजूद पीएम मोदी ने उस समय के इसरो प्रमुख के. सिवन को भावुक देखकर उन्हें गले से लगाकर साहस दिया था.