
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत शुक्रवार को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में विश्व हिंदू कांग्रेस का उद्घाटन करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम कई बड़े हिन्दू नेता, विचारक और एक्टिविस्ट शामिल होंगे। कार्यक्रम में दुनियाभर में हिन्दुओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के प्रमुख अतिथियों में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि विश्व हिंदू कांग्रेस (WHC) चार साल में एक बार होता है। तीसरी बार आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम का विषय जयस्य आयतनम धर्म: है, जिसका अर्थ- धर्म, विजय का निवास है। कार्यक्रम में हिंदुओं के मूल्यों एवं रचनात्मकता की भावना को व्यक्त करने के लिए कुल सात समानांतर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में RSS के महासचिव दत्तात्रेय होसबोले, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, माता अमृतानंदमयी, योगेन्द्र गिरि, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति योगेश सिंह, श्रीधर वेम्बू, नरेंद्र मुरकुम्बी, लेखक विक्रम संपत और वैज्ञानिक आनंद रंगनाथन उद्यमी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।








